विधि संवाददाता, जागरण, लखनऊ। पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग यूनिटों में अतिरिक्त इलेक्ट्रानिक फिटिंग्स की मौजूदगी मात्र से डीलर के ईंधन में हेराफेरी में संलिप्तता साबित नहीं होती, खासकर तब जब विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित हों और कथित अनियमितताओं में डीलर की भूमिका का कोई ठोस साक्ष्य न हो।
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए करीब 27 साल पुरानी अलीगंज सर्विस स्टेशन की डीलरशिप समाप्त करने का आदेश निरस्त कर दिया। न्यायमूर्ति इरशाद अली ने कहा कि इंडियन आयल कारपोरेशन यह साबित करने में विफल रहा कि चार डिस्पेंसिंग यूनिटों में कथित अतिरिक्त फिटिंग्स डीलरों ने लगवाई थीं या उनसे वास्तव में ईंधन की आपूर्ति में हेराफेरी हुई थी।