डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में भारतीय मूल के सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने एच-1बी वीजा पर एक लाख डॉलर (करीब 95 लाख रुपये) के शुल्क को लेकर ट्रंप प्रशासन को आगाह किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि नए एच-1बी वीजा पर एक लाख डॉलर का शुल्क अमेरिकी कंपनियों को अपना काम विदेश में शिफ्ट करने के लिए विवश कर सकता है।
इससे देश की कुशल पेशेवरों को आकर्षित करने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता प्रभावित होगी। यह वीजा भारतीय पेशवरों में काफी लोकप्रिय है। इलिनोइस से डेमोक्रेट सांसद कृष्णमूर्ति ने 'स्पिल द टी' इंटरव्यू सीरीज के एपिसोड में कहा, 'आप टैलेंट को देश में ला सकते हैं या काम को विदेश भेज सकते हैं। ये कंपनियां बस हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठेंगी और काम नहीं रोकेंगी।'