जेएनएन, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक अभियान शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जो भी देश ईरान को वित्तीय संस्थानों, कारोबार, हवाई अड्डों या सरकारी इकाइयों के जरिये किसी तरह की ‘लाइफलाइन’ उपलब्ध कराएगा, उसे गंभीर आर्थिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी नजर किन देशों पर है और उनके खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, ट्रंप ने बुधवार को ट्रुथ सोशल पर कहा कि ईरान से पैदा हुए खतरे को अलग-थलग करने और उसे हराने के लिए अमेरिका को अपने सहयोगियों की जरूरत है। उन्होंने इसे ‘इकोनामिक डी-डे’ बताते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व स्तर का आर्थिक युद्ध और ईरान को अलग-थलग करने का अभियान होगा।