डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना के उत्पीड़न और अत्याचार का विरोध कर रही बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि नौ अगस्त से 15 अगस्त के बीच उसके लड़ाकों ने 26 सैनिकों और सरकारी सुरक्षा बलों के जवानों को मारा है। इन हमलों में बहुत से सुरक्षाकर्मी घायल भी हुए हैं।
बीएलए ने बताया है कि उसने ये हमले बलूचिस्तान प्रांत में 22 स्थानों पर किए। यह संगठन दशकों से स्वतंत्र बलूचिस्तान की मांग कर रहा है। बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने बताया कि सात दिनों के अभियान में लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के जवानों, सरकारी सुरक्षा बलों के जवानों, सरकार समर्थक सशस्त्र संगठनों, पुलिस थानों, सुरक्षा बलों के ठिकानों, उनकी सुविधाओं और व्यापारिक वाहनों को निशाना बनाया।