एपी, कीव। रूस ने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृह नगर क्रिवीरीह पर मिसाइलों और राकेटों से हमला किया। हमले में दो लोग मारे गए और 60 लोग घायल हुए हैं। संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।
इसी दौरान खार्कीव पर हुए रूसी ड्रोन हमले में 11 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले रूस के हिस्से कालिनिनग्राद की ओर जा रहे मालवाही जहाज पर ड्रोन हमले से उसमें आग लग गई है।
रूसी जहाज पर फिनलैंड की खाड़ी में हमला हुआ है। आशंका है कि यह हमला यूक्रेन ने किया है। हमले के बाद फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने क्षेत्र में युद्ध फैलने की आशंका जताई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।