जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। फ्रांस में शनिवार की हिंसा और लूटपाट के बाद प्रशासन की सख्ती और कर्फ्यू से हालात काबू में आए हैं, लेकिन तनाव अब भी कायम है। सड़कों पर बिखरे मलबे को साफ किया जा रहा है और नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। लूटपाट के आरोप में अब तक 2400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हालांकि, संगठनों ने सप्ताहांत में फिर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है, जिसके बाद सेना तैनात करने पर विचार किया जा रहा है। उधर, हिंसक प्रदर्शनों से प्रभावित इटली मिलान में सेना के 500 जवान तैनात करने की तैयारी कर रहा है। पुर्तगाल में आवास के लिए प्रदर्शन कर रहे लोगों के शिविर हटा दिए गए और विरोध कर रहे 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अल्बानिया में प्रधानमंत्री एदी रामा की सरकार के खिलाफ छात्र सड़कों पर हैं।