डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। रूस के कच्चे तेल की बिक्री से जुड़े प्रतिबंधों में छूट देने के फैसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप अपने ही देश में घिर गए हैं। डेमोक्रेटिक नेताओं और सांसदों ने इस कदम की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फायदा होगा और यूक्रेन युद्ध समाप्त करने का दबाव कमजोर पड़ेगा।
ट्रंप ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने संबंधी कानून’ की धारा 115 के तहत यह छूट दी है। यह कदम विधेयक पर हस्ताक्षर के करीब एक महीने बाद उठाया गया। कानून में रूस से कच्चा तेल और गैस खरीदने वाले पांच सबसे बड़े देशों से अमेरिका आने वाले सामान पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रविधान है। इन देशों में भारत और चीन भी शामिल हैं।