डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पुरैना गांव के रहने वाले अजय अहिरवार के लिए बड़ी उपलब्धि का अवसर आया, जब उन्हें वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले युवाओं के साथ प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने का अवसर मिला। अजय ने चीन के शंघाई में आयोजित विश्व कौशल प्रतियोगिता में ब्रिकलेइंग यानी ईंटों की चिनाई के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनका सफर इस बात की मिसाल है कि तकनीकी शिक्षा, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के जरिए छोटे गांवों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं।