जागरण संवाददाता, आगरा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है। गुरुजी यह पाठ कई सालों से बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मतदान किस तरीके से करना होता है, स्याही किस अंगुली में लगती है और जरा सी गलती से वोट किस तरीके से अवैध हो सकता है, इन सब बातों की जानकारी दी जाती है, लेकिन युवा मतदाताओं को यह पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी खुद ही सही तरीके से मतदान नहीं कर सके।
यही वजह रही कि शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में कई प्रत्याशियों को अवैध घोषित किए गए वोटों से भी कम वोट मिले। लोकसभा, विधानसभा और पंचायत चुनाव से एमएलसी चुनाव भिन्न होता है। बैलेट पेपर से होने वाले इस चुनाव में मतदाताओं को अपनी पसंद के प्रत्याशी को एक, दो, तीन अंकों की वरीयता देनी होती है। इसके लिए मतदाताओं को बूथों में बैंगनी रंग का पेन दिया जाता है।