संवाद सूत्र, बरलंगा (रामगढ़)। नेमरा गांव के लुकैयाटांड़ में 27 नवंबर को बलिदानी सोबरन मांझी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने गुरुवार को बलिदान स्थल और आसपास के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, मंच, पंडाल, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को समारोह में शामिल होने नेमरा-लुकैयाटांड़ पहुंचेंगे। उनके आगमन को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों के अधिकारी और जवान लगाए गए हैं।