राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा में प्रदूषण बढ़ने पर हर साल पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने और मौसम को बड़ी वजह बताया जाता है। लेकिन 2024 से 2026 के आंकड़ों के अध्ययन में सामने आया है कि इन दोनों कारणों से दिल्ली की हवा में हुए बदलाव की पूरी व्याख्या नहीं की जा सकती।
दिल्ली स्थित जलवायु अनुसंधान संगठन क्लाइमेट ट्रेंड्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में पराली जलाने की घटनाओं में मामूली कमी आई, जबकि दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में काफी सुधार दर्ज हुआ है। इससे दिल्ली के अपने प्रदूषण स्रोतों की भूमिका की जांच जरूरी हो जाती है।