जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का मंगलवार को झंडी पूजन के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। ककोड़ देवी मंदिर से शुरू हुई धार्मिक परंपरा गंगा तट तक पहुंची तो पूरा मेला क्षेत्र मां गंगा के जयघोष से गूंज उठा। यज्ञ, दुग्धाभिषेक और भव्य आरती के साथ मेले की शुरुआत हुई।
वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने से पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।