राहुल शर्मा, श्रीनगर। कश्मीर के छोटे किसानों ने खेती को लेकर एक नई मिसाल पेश की है। कभी फसल तैयार होते ही उसे कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर रहने वाले किसान अब अपनी उपज की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग खुद कर रहे हैं। सामूहिक प्रयासों से किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का कारोबार मात्र चार सालों में 5.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इस बदलाव की खास बात यह है कि किसान अब केवल फसल पैदा करने वाले नहीं, बल्कि उसे बाजार तक पहुंचाने और उसकी कीमत तय करने की प्रक्रिया में भी भागीदार बन रहे हैं। पंपोर के केसर से लेकर पुलवामा की लाल मिर्च और घाटी के सेब-अखरोट तक, आधुनिक सुविधाओं और सामूहिक कारोबार ने खेती की पुरानी तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है।