रमेश चंद्रा, नैनीताल। पिछले एक दशक में हिमालय की सूरत और सीरत में बड़ा बदलाव आ गया है। ग्लोबल वार्मिंग, ब्लैक कार्बन, धूल के कण, एरोसोल और बढ़ता तापमान का मिलाजुला असर हिमालय की सेहत पर बुरा असर डाल रहे हैं। ग्लेशियर हर वर्ष औसतन 20 मीटर पीछे खिसक रहे हैं, जबकि तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि बड़ी चिंता का विषय है।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डा नरेंद्र सिंह के अनुसार एक दशक पहले तक नैनीताल, मुक्तेश्वर और रामगढ़ से हिमालय का बड़ा क्षेत्र बर्फ से ढका सफेद चमकता नजर आता था। वैसा अब नजर नहीं आता है। ऊंची चोटियों में तो बर्फ नजर आती है, जबकि निचले हिस्से बर्फ के बिना काले नजर आने लगे हैं।