जागरण संवाददाता, रतनपुरा (मऊ)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन मंगलवार को घर लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ से रतनपुरा रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। स्टेशन से गुजरने वाली बलिया-शाहगंज पैसेंजर व इंटरसिटी एक्सप्रेस में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्रियों को बिना यात्रा किए लौटना पड़ा।
बलिया-शाहगंज पैसेंजर के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन रुकने पर चढ़ने व उतरने वालों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पहले से भरी ट्रेन में नए यात्रियों के लिए जगह नहीं थी। कई लोग चढ़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें प्लेटफार्म पर ही रुकना पड़ा।