जागरण संवाददाता, बलिया। नवंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। 19 नवंबर यानी गुरुवार से से जिले में सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, सुबह हल्की धुंध छाने के साथ न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
19 नवंबर से 25 नवंबर तक अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और शाम ठंड महसूस होगी। 19 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 27 और न्यूनतम 14 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद दिन में धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। 23 और 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

कार्तिक पूर्णिमा पर मौसम रहेगा अनुकूल
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान के अवसर पर मौसम सामान्यतः अनुकूल रहने की संभावना है। सुबह हल्की धुंध रह सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने के आसार हैं। बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुबह घाटों पर पहुंचते समय ठंड का ध्यान रखना होगा। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह के मुताबिक पूर्वांचल में सुबह के समय धुंध व घना कोहरा की संभावना बन रही है।

वाहन चलाते समय बरतें सावधानी
एआरटीओ अरुण कुमार ने बताया कि धुंध और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। धुंध या घने कोहरे में वाहन की रफ्तार कम रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। कोहरे में हाई बीम की जगह लो बीम या फाग लाइट का इस्तेमाल करें।