जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर से लखनऊ के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्री इस समय परेशान हैं। कारण, कानपुर-लखनऊ मेमू ट्रेनें हैं, जो अक्टूबर में अभी तक एक भी दिन समय पर नहीं चलीं। इससे नौकरीपेशा समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाए तो व्यापार के काम से जाने वाले देरी से पहुंचने पर परेशान हुए और हो रहे हैं।
नाराज यात्रियों ने सोशल मीडिया X पर शिकायतें कर रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कानपुर सेंट्रल से 4 ट्रेनें रोजाना सुबह, दोपहर व शाम को लखनऊ जाती हैं और उसी क्रम में वापस आती हैं। इनमें प्रतिदिन लगभग 3000 से 3500 दैनिक यात्री सफर करते हैं। इस तरह महीने भर में एक लाख लोग परेशान हुए। ट्रेनें समय पर नहीं चलने के कारण यात्रियों को दूसरे साधनों से गंतव्य तक पहुंचना पड़ा और परेशानी हुई।