जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय रेल लगातार आधुन‍िकता का चोला ओढ़ रही है। इसी कड़ी में आगामी 31 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रयागराज रामबाग - बनारस मेमू और वाराणसी सिटी - राजातालाब मेमू ट्रेन की नई रैक की प्रमुख विशेषताएं गुरुवार को जारी की गई हैं, जो सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा के लिहाज से अत्याधुनिक हैं।
इसमें कुल यात्री क्षमता 2,214 यात्रियों की है, जिससे बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा। इस ट्रेन में सबसे बड़ा बदलाव स्वच्छता को लेकर किया गया है। रेक के सभी कोचों में बायो- टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।