नवीन नवाज, जागरण। जम्मू-कश्मीर का बजट 1.14 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, लेकिन अपने संसाधनों से होने वाली कमाई और सरकारी खर्च के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। वित्त वर्ष 2026–27 के बजट अनुमानों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश को अपने कर और गैर-कर स्रोतों से 31,800 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है, जबकि केंद्र से 58,218 करोड़ रुपये का अनुदान मिलने का अनुमान है। यानी कुल राजस्व प्राप्तियों में करीब 65 प्रतिशत हिस्सा केंद्रीय अनुदान का होगा। यह स्थिति प्रदेश की वित्तीय जरूरतों और अपने राजस्व स्रोतों को मजबूत करने की चुनौती को सामने लाती है।

पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के बजट विश्लेषण के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की कुल राजस्व प्राप्तियां 90,018 करोड़ रुपये अनुमानित हैं। इनमें 20,700 करोड़ रुपये करों और 11,100 करोड़ रुपये गैर-कर स्रोतों से जुटाए जाने हैं। इस तरह अपने संसाधनों का योगदान करीब 35 प्रतिशत है।