संवाद सूत्र, वृंदावन (मथुरा)। शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी में जब ठाकुर बांकेबिहारी श्वेत वस्त्र धारण कर हाथों में मुरली थामेंगे, तो भक्तों को द्वापर युग के महारास की अलौकिक छवि साकार होती नजर आएगी। साल में केवल एक बार होने वाले इस विशेष दर्शन के लिए वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
भक्तों को सुलभ दर्शन कराने के लिए मंदिर प्रबंधन ने सुबह और शाम के दर्शन समय में एक-एक घंटे की वृद्धि की है। रविवार को आराध्य मोर मुकुट, कटि-काछनी और श्वेत धवल पोशाक में मुरली बजाते हुए दर्शन दे रहे हैं।