जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग पर काबू पाने में ग्रामीणों और राहत-बचाव दलों को साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी। शाम 4:49 बजे लगी आग रात 9:16 बजे बुझाई जा सकी।
इस दौरान आग की चपेट में आने से 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए।