संवाद सूत्र, गोंडा। दुबई में फंसे कर्नलगंज निवासी अमित कुमार मौर्य ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत लौटने में मदद मांगी। अमित का दावा है कि छह महीने की जेल की सजा पूरी करने के बावजूद 25 लाख रुपये का जुर्माना नहीं भर पाने से उनकी वापसी अटकी है। वार्ड नंबर 22, बजरंग नगर निवासी अमित करीब पांच साल पहले रोजगार के लिए दुबई गए थे।
उनके मुताबिक, एक मुकदमे में उन्हें छह महीने की सजा हुई थी। जुर्माना जमा न कर पाने के कारण वह अब भी दुबई में हैं। अमित ने वीडियो में बताया कि दुबई में रहते हुए उनकी मां का निधन हो गया और वह अंतिम दर्शन के लिए घर नहीं पहुंच सके।