जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। पूर्व आईएएस अधिकारी और जन नीति भारत की अध्यक्ष दिव्या मित्तल का शनिवार को चुनार के बालूघाट पहुंचने पर स्वागत किया गया। उन्होंने महाराज गुहराज निषाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनसंवाद किया और आगामी विधानसभा चुनाव में चुनार से अपनी पार्टी का प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।
जनता के बीच पहुंचीं दिव्या मित्तल ने कहा कि चुनार की जनता ने उन्हें पहले जिलाधिकारी के रूप में देखा है, लेकिन इस बार वह एक राजनीतिज्ञ के रूप में लोगों के बीच आई हैं। उन्होंने कहा कि जन नीति भारत आगामी विधानसभा चुनाव में चुनार से भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। उनके इस ऐलान को क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।