जागरण संवाददाता, हरिद्वार। होमगार्ड भर्ती में दस्तावेजों की जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल 30 अभ्यर्थियों के दस्तावेज प्रथम दृष्टया फर्जी पाए गए हैं। इनमें स्काउट और स्पोर्ट्स के प्रमाणपत्र सबसे अधिक संदेह के घेरे में हैं। इसके अलावा एनसीसी और शैक्षिक प्रमाणपत्रों में भी गड़बड़ी सामने आई है।
होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती के लिए करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से मेरिट के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसी दौरान 30 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी सामने आई है।