जागरण संवाददाता, पटियाला। PRTC, पनबस और पंजाब रोडवेज के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल के चौथे दिन पटियाला स्थित PRTC मुख्यालय में वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद हड़ताल समाप्त होने को लेकर दोनों पक्षों के बयानों में अंतर सामने आया है।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच मांगों को लेकर सहमति बन गई है और हड़ताल खत्म करवा दी गई है। उन्होंने भरोसा दिया कि आउटसोर्सिंग और ठेकेदारी व्यवस्था को समाप्त करने की दिशा में जरूरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और अगले सप्ताह नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।