निशांत यादव, लखनऊ। सेना की माउंटेन डिवीजन में विषम प्राकृतिक हालात के बीच तैनात जवान ड्यूटी के दौरान लापता हो गया। सेना कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के बाद लापता जवान को भगोड़ा घोषित कर देती है। पति पर लगे इस दाग को मिटाने के लिए पत्नी रक्षा मंत्रालय से लेकर सिविल कोर्ट तक डटी रही।
करीब 28 साल की लंबी लड़ाई के बाद सशस्त्र बल अधिकरण की लखनऊ पीठ से महिला को न्याय मिला है। पीठ ने रक्षा मंत्रालय को सिपाही को मृत मानते हुए पारिवारिक पेंशन उनकी पत्नी जानकी देवी के पक्ष में जारी करने के आदेश दिए हैं।
उत्तराखंड के बागेश्वर के कसौनी स्थित नाकुरी गांव के रहने वाले सिपाही देवेंद्र प्रसाद आर्या 17 मई 1988 को कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हुए थे।