जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से मैदान तक दिनभर चटख धूप खिलने से दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के चलते मौसम में ठंडक घुलने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में इन दिनों दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, वहीं सूर्यास्त के बाद हवा चलने से ठंडक बढ़ जाती है।