जागरण संवाददाता, धनबाद। ताड़ाताड़ी चलो, मेला शुरू होए गेछे, बाच्चा गुलो लाफाच्छे...(जल्दी चलो, मेला शुरू हो गया है, बच्चे उछल रहे हैं)। टोटो पर सवार बंगाली परिवार के अल्फाज अभी पूरे भी नहीं हुए कि सामने से सुनाई पड़ता है हां दीदी, हमे कह रहलियो, टोटो वाला भईया से, जल्दी ले चल सरायढेला...।
आटो पर सवार दूसरे यात्री के चेहरे पर हल्की सी मुस्कान...। दुर्गापूजा आते ही शहर का मिजाज बदल गया है। पूजा पंडालों और मेले की ओर जाते रास्तों पर बांग्ला, खोरठा और मगही भाषा में गपियाते श्रद्धालुओं का हुजूम बता रहा कि मिक्स कल्चर वाले धनबाद में दुर्गापूजा केवल त्योहार नहीं, भाषाओं का मिलन भी है।