राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार दिवाली से पहले अपने बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार और बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं, जिनमें से एक पद लंबे समय से खाली चल रहा है। इस इकलौती खाली कुर्सी के लिए कुल्लू सदर से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे आगे चल रहा है।

मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की हालिया दिल्ली दौड़ ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि हाईकमान के साथ अंतिम दौर की चर्चा पूरी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री पहले ही 11 दिसंबर (सरकार के कार्यकाल की वर्षगांठ) से पहले विस्तार की समय सीमा तय कर चुके हैं, लेकिन चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए यह निर्णय दिवाली से पहले ही लिया जा सकता है। सुंदर सिंह ठाकुर हमेशा से मुख्यमंत्री सुक्खू के भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते रहे हैं।