संवाद सूत्र, शाहाबाद। पोते के जन्म की खुशियों के बीच 42 वर्षीय बलजीत सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार सुबह नेशनल हाइवे-44 पर तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें कुचल दिया। उनका पोता 16 अक्टूबर को जन्मा था और पत्नी व नवजात मीरी-पीरी अस्पताल में भर्ती थे। बलजीत सिंह गांव शरीफगढ़ के निवासी थे और बिजली निगम के ठेकेदार के पास पावर हाउस में टावर लगाने का काम करते थे।
उनके बेटे संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे घरेलू सामान लेकर लौटने के बाद वह पिता के साथ अस्पताल जाने निकले। दोनों दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। पिपली की ओर से आए कैंटर ने सड़क किनारे खड़े बलजीत को टक्कर मारी।