जागरण संवाददाता, सोनीपत। ब्रेजा कार की मांग को लेकर बरात लौटाने के मामले में अब दोनों पक्ष साक्ष्यों के साथ आमने-सामने आ गए हैं। दुल्हन के पिता सुभाष ने कार की बुकिंग से जुड़े दस्तावेज, आरटीजीएस स्लिप और शोरूम का कोटेशन दिखाकर अपनी शिकायत के समर्थन में सबूत पेश किए हैं।
वहीं, आरोपित दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप ने वाटिका की अलग-अलग समय की तीन सीसीटीवी फुटेज जारी कर दहेज मांगने और बरात वापस ले जाने के आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल एक पक्ष कार की बुकिंग के दस्तावेजों को अपने आरोपों का आधार बता रहा है तो दूसरा पक्ष सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार रहा है। उधर, पुलिस ने दोनों पक्षों को सबूतों के साथ जांच में शामिल होने के लिए कहा है।