अरुण कुमार मुन्ना, गोरखपुर। ढोल की थाप पड़ते ही कदम थिरकने लगते हैं। घेरदार लहंगों की रंगीन लहरियां, चोली पर चमकता शीशे का काम, कानों में झुमके और हाथों में डांडिया स्टिक नवरात्र की शाम में गरबा और डांडिया का यह रंग आयोजनों में छा रहा है। मां दुर्गा की आराधना के साथ शुरू हुए कार्यक्रमों में महिलाएं, युवतियां और युवा उत्साह से शामिल हो रहे हैं।
कोई पारंपरिक गुजराती वेशभूषा में गरबा की गोलाकार लय साध रहा है, तो कोई साथी के साथ डांडिया की ताल मिला रहा है। इस उत्सव में पहनावा केवल सजने-संवरने का साधन नहीं, बल्कि आयोजन के रंग में घुलने का हिस्सा बन गया है। परिधान, आभूषण और डांडिया स्टिक की मांग भी बाजार में दिखने लगी है।