जागरण संवाददाता, कटड़ा। माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा में कटड़ा के निकट स्थित प्राचीन देवामाई मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है। कटड़ा से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। हरे-भरे घने जंगलों के बीच स्थित देवामाई मंदिर तक श्रद्धालु सड़क मार्ग से या पैदल आसानी से पहुंच सकते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता वैष्णो देवी की पारंपरिक यात्रा में देवामाई को दूसरे दर्शन के रूप में जाना जाता है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। देवामाई मंदिर का संबंध माता वैष्णो देवी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं और लोककथाओं से जुड़ा है।