संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमल)। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर बुशहर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। तड़के आए इन झटकों से जहां लोग नींद से जाग गए, वहीं रामपुर के खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार घबराकर उठ बैठे। 

भूकंप के झटकों से अस्पताल परिसर के बाहर पत्थर की दीवार से कुछ पत्थर गिर गए। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सुबह 4:36 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.1 रही।