संवादसूत्र, सोनूपार, बस्ती। मेडिकल कालेज से संबद्ध ओपेक अस्पताल कैली में साढ़े छह माह की गर्भवती महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया। समय से पहले प्रसव होने के कारण तीन नवजातों की मृत्यु हो गई, जबकि एक नवजात को वेंटिलेटर पर रखकर बचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रसव के बाद मां की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कलवारी थाना क्षेत्र के सोनहा गांव की महिला को पेट में तेज दर्द, पानी की कमी और रक्तस्राव की शिकायत पर ओपेक अस्पताल कैली लाया गया था। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में जांच के बाद पता चला कि महिला के गर्भ में चार बच्चे हैं। डाक्टरों ने स्थिति को देखते हुए चारों का सामान्य प्रसव कराया।