आदित्य राज, गुरुग्राम। पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझना और उसे बचाने के लिए जमीन पर काम करना, यही सोच गुरुग्राम की शुभी केसरवानी की पहचान बन गई है।
तेजी से बढ़ते शहरों में गिरता भूजल स्तर, सिमटते तालाब और वर्षा के दौरान जलभराव जैसी चुनौतियों के बीच उन्होंने जल संरक्षण को अपने कार्य का केंद्र बनाया।
तालाबों के पुनर्जीवन पर जोर
गुरुजल संस्था की सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में वह तालाबों के पुनर्जीवन, वर्षाजल संचयन और अपशिष्ट जल के उपचार एवं पुनः उपयोग के माध्यम से जल संकट का स्थायी समाधान तलाश रही हैं। उनका उद्देश्य केवल तालाबों से गाद और कचरा हटाना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण के योग्य बनाना है।