जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के ऐतिहासिक कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी मुकाबले के तीसरे दिन केरल की टीम गहरे संकट में नजर आ रही है।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक नायर (126 रन) के जुझारू शतक के बावजूद, झारखंड के पहली पारी के 587 रनों के विशाल स्कोर के सामने केरल की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 269 रन ही बना सकी।
केरल अभी पहली पारी के आधार पर झारखंड से पूरे 318 रन पीछे है और उस पर फॉलोऑन का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इससे पहले मैच के दूसरे दिन झारखंड ने अपनी पहली पारी में 179.5 ओवरों का सामना करते हुए 587 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था।