वीरेंद्र शर्मा, हसनपुर। रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था को पीढ़ी दर पीढ़ी पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। रामलीला के मंच पर जब राजा दशरथ अपने प्रिय पुत्र राम के वनवास की खबर सुनकर व्याकुल होते हैं और पुत्र वियोग में विलाप करते हैं, तो दर्शक भी भावुक हो उठते हैं।
राजा दशरथ के इस मार्मिक किरदार को जीवंत करने का काम हसनपुर के निकटवर्ती गांव सहनोली निवासी 60 वर्षीय रमेश चंद वशिष्ठ पिछले करीब 24 वर्षों से कर रहे हैं। उनके अभिनय की खासियत है कि वे राजा दशरथ के किरदार में इस कदर डूब जाते हैं कि मंच पर उनका विलाप देखकर दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों की आंखें भी नम हो जाती हैं।