संवाद सूत्र, खैर (अलीगढ़)। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की नींद उड़ा दी है। सुबह करीब छह बजे हुई अचानक तेज बारिश ने क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई। इस बेमौसम बरसात के कारण अलीगढ़ पलवल मार्ग स्थित मुख्य अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे बोरियों में भरकर रखा गया धान पूरी तरह भीग गया।
दूसरी ओर खेतों में कटकर सूखने के लिए पड़ी धान की फसल भी पानी में डूब गई, जिससे किसानों के चेहरों पर गहरी चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। अलीगढ़ पलवल मार्ग पर स्थित अनाज मंडी में इन दिनों धान की आवक जोरों पर है। सोमवार सुबह अचानक तेज बारिश शुरू होने से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। कई किसानों और आढ़तियों का धान खुले में बोरियों में भरा हुआ रखा था, जिसे समय रहते ढंका नहीं जा सका।