जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ की तैयारियों के तहत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने शहर की आंतरिक सड़कों के सुधार और निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग मध्य हरिद्वार की आंतरिक सड़कों की मरम्मत और सुधार के साथ कनखल, भूपतवाला व पुराने आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
इन कार्यों पर कुल 10.88 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में करीब दो साल से सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत की गई थी, लेकिन इसके बाद भी कई इलाकों में सड़कें अभी भी काफी क्षतिग्रस्त हालत में हैं। इसके चलते राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सड़कों का निर्माण होने से परेशानी दूर होगी।

मध्य हरिद्वार की आंतरिक सड़कों पर 4.85 करोड़ खर्च होंगे 

पीडब्ल्यूडी मध्य हरिद्वार क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधार और मरम्मत के लिए करीब 4.85 करोड़ रुपये खर्च करेगा। मध्य हरिद्वार शहर का व्यस्त क्षेत्र है। यहां स्थानीय लोगों के साथ बाजारों और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने वाले लोगों की आवाजाही रहती है।