संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर पंचायत अंतर्गत श्रीरामपुर गांव में गुरुवार के दोपहर में बड़का आहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घास काटने के बाद झाड़ू बनाने के लिए कासी काटने पानी में उतरीं छह महिलाएं अचानक गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं। 
हादसे में पार्वती देवी (50) और रेखा देवी (40) की मौत हो गयी। वहीं अनीता देवी 30, रंजू देवी 35, मीना देवी 32 और उर्मिला देवी 40 वर्षीय को 12 वर्षीय किशोर विक्की कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर बाहर निकाला। इलाज के बाद चारों की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। सभी महिलाएं आपस में गोतिया बतायी जाती हैं।