जागरण संवाददाता, बस्ती। जागरण विमर्श के तहत 'विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित बस्ती' विषय पर गुरुवार को आयोजित प्रथम सत्र में जिले के विकास की संभावनाओं पर मंथन हुआ। उद्योग एवं आधारभूत संरचना पर केंद्रित चर्चा में बस्ती में हुए विकास कार्यों के साथ भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
वक्ताओं ने उद्योग, परिवहन, चिकित्सा और पर्यटन को गति देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। चर्चा का निष्कर्ष रहा कि उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलने से बस्ती के विकास को नई दिशा मिल सकती है। चर्चा में बस्ती की औद्योगिक पहचान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। हरैया विस क्षेत्र के विधायक अजय सिंह ने कहा कि आजादी के बाद जिले में कई चीनी मिलें स्थापित हुईं, लेकिन बाद में इनमें से कई बंद हो गईं।