जागरण संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़, मारपीट और जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरने का मामला सामने आया है।   पीड़िता की मां ने रुद्रपुर थाने में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने मुख्य आरोपित समेत 10 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।   थाने में दिए आवेदन के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे सोहन कुमार दास ने किशोरी से छेड़छाड़ की और उसे जबरन पकड़कर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।   किशोरी ने विरोध किया तो आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई।   सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम गांव पहुंची और पीड़िता व उसके स्वजन से घटना की जानकारी लेकर जांच की। रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजुला मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में आवेदन मिला है।   जांच के लिए पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। यह घटना आपसी विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर होना बताई जा रही है।