डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। क्या कभी किसी दूसरी तकनीकी सभ्यता ने हमारी आकाशगंगा में अपने निशान छोड़े होंगे? विज्ञानी अब इस सवाल का जवाब रेडियो सिग्नल के साथ-साथ चांद की मिट्टी में भी तलाशने की संभावना पर काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसी बेहद उन्नत एलियन सभ्यता से निकला तकनीकी मलबा लंबे समय में अंतरिक्ष में फैलकर चांद की सतह तक पहुंच सकता है।
एसईटीआई (सर्च फॉर एक्स्ट्राटेरेस्ट्रियल इंटेलिजेंस) से जुड़े शोधकर्ताओं की एक नई स्टडी में इसी संभावना का अध्ययन किया गया है। शोध का नेतृत्व कैलिफोर्निया के माउंटेन व्यू स्थित एसईटीआई इंस्टीट्यूट के एफिलिएट साइंटिस्ट और बर्कबेक कॉलेज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के शोधकर्ता लुईस पिनाल्ट ने किया है। स्टडी को ‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एस्ट्रोबायोलाजी’ में पीयर रिव्यू के लिए भेजा गया है।