डिजिटल डेस्क, तेहरान। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में लराक द्वीप पर ईरान के दो लॉन्च सिस्टम पर हमला कर दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि जुलाई के आखिर के बाद ईरान क्षेत्र पर यह अमेरिका का पहला ज्ञात हमला है।
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि मैं पुष्टि कर सकता हूं कि आज अमेरिकी सेना ने लराक द्वीप पर ईरान के दो लॉन्चरों पर हमला किया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगों वाले रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते देखा गया था।