डिजिटल डेस्क, रियाद। इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का के इतिहास में पहली बार सऊदी अरब के सिविल डिफेंस ने संभावित हवाई हमले की चेतावनी देते हुए इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। अलर्ट में निवासियों को सलाह दी गई कि वे सुरक्षित जगहों पर घर के अंदर चले जाएं और खतरा टलने तक खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें।
जेद्दा और ताइफ इलाकों के लिए भी ऐसी ही चेतावनी जारी की गई। अलर्ट कुछ ही मिनटों में हटा लिया गया लेकिन यह ऐसे समय में आया है जब सऊदी अरब को ईरान समर्थित हूती समूह से सुरक्षा की बढ़ती चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समूह ने यमन के रणनीतिक रूप से अहम लाल सागर तट पर अपनी पकड़ मजबूत करते हुए सऊदी अरब पर हमले तेज कर दिए हैं।