डिजिटल डेस्क, जिनेवा। आज की डिजिटल होती दुनिया ने हमें एक-दूसरे के करीब ला दिया है, लेकिन यही तकनीक हमारे सबसे सुरक्षित भविष्य यानी बच्चों के लिए एक अदृश्य और भयानक जाल बनती जा रही है। गुरुवार को यूनिसेफ द्वारा जारी एक अत्यंत चिंताजनक रिपोर्ट ने वैश्विक स्तर पर हड़कंप मचा दिया है।
इस रिपोर्ट के अनुसार, 21 देशों में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लगभग दो करोड़ बच्चे एक साल के अंदर डिजिटल प्लेटफार्म पर यौन उत्पीड़न और शोषण का शिकार हुए हैं। यह आंकड़ा केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि उन अनगिनत मासूमों की खामोश चीख है जो इस डिजिटल अंधकार में घुट रहे हैं।