डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में पिछले सप्ताह आई भीषण बाढ़ ने त्रिशूली बाजार की एक पूरी बस्ती को तबाह कर दिया। चार घर बाढ़ के तेज बहाव में बह गए और उनके साथ वहां रहने वाले लोग भी लापता हो गए।
लेकिन इन उजड़े घरों के बीच एक काला-सफेद कुत्ता अब भी उसी जगह बैठा है, जहां कभी उसका घर और आंगन हुआ करता था।
गले में अब भी कॉलर पहने यह कुत्ता मलबे के बीच घंटों एक ही स्थान पर बैठा रहता है। आसपास जेसीबी मशीनें चल रही हैं, राहतकर्मी मलबा हटा रहे हैं और लोग लगातार आ-जा रहे हैं, लेकिन वह अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं है। खास बात यह है कि वह किसी अनजान व्यक्ति को देखकर भी सामान्य प्रतिक्रिया नहीं देता और न ही पूंछ हिलाता है।