डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं तो वाहन सूखे तिनकों तरह उड़ते दिखाई दिए। अब तक 160 लोगों की मौत हो चुकी है और 133 भारतीयों समेत 844 लोग लापता हैं। इन सब के बीच यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने बुधवार देर शाम को बताया कि इस बाढ़ की वजह क्या थी?
यूएसजीएस ने साफ किया कि बुधवार सुबह नेपाल में आई जानलेवा अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की वजह भूकंप नहीं, बल्कि जमीन खिसकना (लैंडस्लाइड) था। एजेंसी ने कहा कि जिस भूकंपीय गतिविधि को शुरू में भूकंप बताया गया था, वह असल में ग्लेशियर के ढहने और मलबे के बहाव की घटना थी। इसी वजह से बाद में निचले इलाकों में भारी तबाही मची।