एपी, पेरिस। पेरिस और लंदन के बीच बुधवार को चलने वाली यूरोस्टार की कई ट्रेनों को रद कर दिया गया, क्योंकि कुछ कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के हड़ताल कर दी है।
यूरोस्टार ने एक बयान में कहा कि इस भारी व्यवधान के कारण अन्य रूट भी प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी ने यात्रियों को अपनी यात्रा टालने की सलाह दी है।
कंपनी ने कहा, "दुर्भाग्य से, आज पेरिस और लंदन के बीच यात्रा करने वाले यूरोस्टार के यात्री इस हड़ताल से प्रभावित हो रहे हैं, जिसकी जानकारी कंपनी को रात में मिली थी। इसके चलते कुछ सेवाएं रद करनी पड़ रही हैं। अन्य रूट सीधे तौर पर प्रभावित नहीं हैं, लेकिन उन पर भी कुछ असर पड़ सकता है।"